छुट्टी पर घर आए CRPF जवान की भीषण सड़क हादसे में मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Friday, Jul 10, 2026-02:36 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के चतरा जिले में तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से 28 वर्षीय सीआरपीएफ (CRPF) जवान की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान लक्ष्मण कुमार यादव के रूप में हुई है, जो लावालौंग थाना क्षेत्र के बिराजपुर गांव के निवासी थे। 

पुलिस ने बताया कि लक्ष्मण कुमार यादव जम्मू-कश्मीर में तैनात थे और एक महीने की छुट्टी पर सात दिन पहले ही अपने घर आए थे। जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार शाम सिमरिया-चतरा रोड पर हुआ, जब यादव सिमरिया से अपने घर लौट रहे थे। डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले सिमरिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें हजारीबाग रेफर कर दिया। हजारीबाग से रांची स्थित रिम्स ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। 

परिजनों ने सड़क किया जाम 
सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया, "पीड़ित की मौत के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क जाम कर दिया, जो पिछले 18 घंटे से जारी है। वे पीड़ित के परिवार के लिए 25 लाख रुपए मुआवजे की मांग कर रहे हैं।" सिमरिया के अंचल अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि चतरा के उपायुक्त ने मामले का संज्ञान लिया है और पीड़ित के शव को पोस्टमार्टम जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों को समझाने-बुझाने और जाम हटवाने के लिए उनसे बातचीत की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static