प्रशांत किशोर की पार्टी का मैनेजर चलती ट्रेन से हुआ गायब, मचा हड़कंप; CCTV खंगाल रही RPF

Tuesday, Oct 27, 2026-10:29 AM (IST)

रांची: उत्तर प्रदेश के 31 वर्षीय व्यक्ति सोमवार को यहां से पटना जाते समय चलती ट्रेन से लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुशीनगर जिले के निवासी देवपालिक गुप्ता दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) के पूर्व छात्र हैं और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में डिजिटल संचार प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं।

गुप्ता के मित्र और सहकर्मी गौतम कुमार ने बताया कि वे रांची रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे और ट्रेन अपराह्न करीब दो बजकर 25 मिनट पर रवाना हुई थी। कुमार ने बताया कि करीब 10 मिनट बाद देवपालिक ने उनसे कहा कि वह कुछ खाने का सामान लेने के लिए पैंट्री कार जा रहे हैं, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। उन्होंने कहा, ''इसके बाद हम अपनी बर्थ से उठकर अपने कोच के पास स्थित पैंट्री कार में गए, लेकिन गुप्ता वहां नहीं मिले। फिर हमने ट्रेन के सभी कोच में उनकी तलाश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिले।'' 

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस 
कुमार ने बताया कि ट्रेन के मुरी जंक्शन पर रुकने के बाद उन्होंने राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) में शिकायत दर्ज कराई। मुरी जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के निरीक्षक संजीव सिंह ने बताया, ''हम मुरी जंक्शन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। अब तक यह स्पष्ट है कि गुप्ता रांची के बाद ट्रेन के पहले ठहराव मुरी में ट्रेन से नहीं उतरे थे। उनका मोबाइल फोन भी बंद है।'' एक अन्य अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस और आरपीएफ कर्मियों की संयुक्त टीम उनकी तलाश कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static