Birthday: कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष का सादगी से मनाया गया जन्मदिन, किशोर नगर विद्यालय के बच्चों के साथ काटा केक
Thursday, Oct 16, 2025-11:42 AM (IST)
रांची: कांग्रेस के झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बंधु तिर्की का जन्मदिन पूरी सादगी के साथ रांची के नामकुम के किशोर नगर विद्यालय में बच्चों के साथ मनाया गया।
राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विद्यालय के बच्चों के साथ केक काट कर जन्मदिन की खुशियों को साझा किया। पूर्व मंत्री बंधु तिर्की की स्कूली शिक्षा किशोर नगर विद्यालय से हुई है। इस विद्यालय से उनके बचपन की अनगिनत कहानियां जुड़ी है। इस मौके पर विद्यालय के बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि विद्यालय का एक - एक बच्चा बाबा के संघर्ष, बाबा की सफलता और बाबा के व्यवहार कुशलता से अच्छी तरह वाकिफ है। वो अक्सर विद्यालय के बच्चों के साथ खुशियां मनाने आते रहते है। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय परिसर की पहचान अच्छी शिक्षा, आपसी प्रेम और अपना परिवार के तौर पर होती है।
शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि फादर विक्टर बोटर्ल बच्चों से कहा करते थे, आप शिक्षित होने के साथ - साथ अच्छा इंसान बनें। एक दूसरे से प्रेम , एक दूसरे का सम्मान और एक दूसरे का सहयोग ही शिक्षा का मूल मंत्र है। बंधु तिर्की इसी मंत्र के सहारे समाज सेवा में लगे हैं। उन्होंने कहा कि अगर आप मेहनती है तो आपकी सफलता तय है। आपको सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। इस मौके पर फादर वाल्टर बेक, फादर दीपक टोप्पो, फादर संजय तिग्गा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य और छात्र मौजूद रहें।

