नगर निकाय चुनाव में MA पास 'अखबार वाला प्रत्याशी' बना चर्चा का केंद्र, जानें साइकिल से लेकर राजनीति तक का सफर
Saturday, Feb 14, 2026-11:29 AM (IST)
Godda News: झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा नगर पंचायत में पहली बार चुनाव होने जा रहा है। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार अपने अनोखे अंदाज और सादगी भरे जीवन के कारण खास चर्चा में हैं।
नामांकन के दिन प्रत्याशी दुर्गा सोरेन का अलग अंदाज देखने को मिला
महागामा नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी दुर्गा सोरेन इन दिनों क्षेत्र में लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। भूगोल विषय से एम.ए. पास दुर्गा सोरेन पेशे से अखबार वितरक हैं। इस बार नगर पंचायत की सीट एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हुई है, जिसके बाद उन्होंने चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया। नामांकन के दिन भी उनका अलग अंदाज देखने को मिला। दुर्गा सोरेन उसी साइकिल से अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे, जिससे वे रोजाना अखबार बांटते हैं। चुनाव लड़ने के बावजूद उन्होंने अपनी दिनचर्या में कोई बदलाव नहीं किया है। वे हर दिन सुबह 5 बजे उठते हैं और साइकिल से करीब 300 घरों में अखबार पहुंचाते हैं। अपने सरल स्वभाव और मधुर व्यवहार के कारण दुर्गा सोरेन क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं। वे पिछले 20 साल से महागामा नगर पंचायत की गलियों में घूम-घूमकर अखबार बांट रहे हैं। इस दौरान वे इलाके की समस्याओं को करीब से समझ चुके हैं।
दुर्गा सोरेन का कहना है कि जब उन्होंने अखबार में पढ़ा कि महागामा नगर पंचायत की सीट एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हुई है, तभी उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। उनका मानना है कि शहरी क्षेत्र होने के बावजूद महागामा में कई बुनियादी समस्याएं हैं, जिन्हें दूर करने का यह सही मौका है। रोज सुबह जिन घरों में वे अखबार पहुंचाते हैं, वहां के लोगों का भी उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है। उनकी सादगी और जमीन से जुड़ाव ही उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है।

