BJP नीत NDA सरकार की संविधान बदलने की कोशिश को करेंगे नाकामः तेजस्वी यादव

5/9/2024 9:34:52 AM

 

रांची/गढ़वाः राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर संविधान बदलने और एससी, एसटी तथा ओबीसी श्रेणियों का ‘‘आरक्षण छीनने'' की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी ऐसे किसी भी प्रयास को नाकाम कर देगी।

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया' की प्रत्याशी ममता भुइयां के पक्ष में पलामू के छतरपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के नेतृत्व वाला राजग भारत के संविधान को बदलना चाहता है लेकिन मैं वादा करता हूं कि कोई भी हमारे संविधान को नहीं बदल सकता और आपका आरक्षण नहीं छीन सकता। हम ऐसी किसी भी कोशिश को नाकाम कर देंगे।'' उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी पिछले 10 सालों में झूठ फैलाते रहे और उन्होंने महंगाई रोकने, नौकरियां मुहैया करवाने और काले धन को खत्म करने जैसे अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया।''

राजद नेता ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी झूठ के निर्माता, वितरक और थोक व्यापारी हैं। उन्होंने एलआईसी, बंदरगाह, हवाई अड्डे और देश की संपत्ति बेच दी।'' यादव ने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने कोई भी वादा पूरा नहीं किया। उल्टे भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने विपक्षी दलों के ऐसे नेताओं के पीछे ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों को लगा दिया, जो लोगों की आवाज उठा रहे हैं और उनके अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं।'' राजद नेता ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल भेज दिया। उन्होंने मेरे पीछे सीबीआई को लगा दिया है।'' उन्होंने वादा किया कि अगर ‘इंडिया' गठबंधन सत्ता में आया तो एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत कम करके 500 रुपए कर दी जाएगी और गरीब महिलाओं को प्रति वर्ष एक लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।

राजद नेता ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री ने आम जनता के जीवन को प्रभावित करने वाले बेरोजगारी, महंगाई, गरीबी और पलायन जैसे बड़े मुद्दों पर चुप्पी साध रखी है। यादव ने दावा किया कि बिहार में 17 महीने तक उनके उपमुख्यमंत्री रहने के दौरान महागठबंधन सरकार ने पांच लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध करवाईं। उन्होंने कहा कि यदि ‘इंडिया' गठजोड़ सत्ता में आता है, तो वह बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए भर्ती अभियान शुरू करेगा। ‘इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवार को वोट करने की अपील करते हुए यादव ने कहा, “भाजपा के पास पैसे की ताकत है, तो हमारे पास जनता की ताकत है।”

राजद नेता ने कमर में दर्द की वजह से कुर्सी पर बैठकर अपना भाषण दिया। इससे पहले, गढ़वा जिले के भवनाथपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ‘इंडिया' गठबंधन की सरकार बनने से ही लोगों का कल्याण हो पाएगा। झारखंड की खूंटी, सिंहभूम और लोहरदगा के साथ पलामू लोकसभा सीट पर 13 मई को मतदान होना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static