Lok Sabha Election... दुमका सीट से BJP एवं JMM के प्रत्याशी आज दाखिल करेंगे नामांकन

5/10/2024 11:13:53 AM

 

दुमकाः झारखंड में दुमका अजजा (सुरक्षित) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी सीता सोरेन और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रत्याशी नलिन सोरेन शुक्रवार को एक ही दिन नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। भाजपा की प्रत्याशी सीता सोरेन के नामांकन कार्यक्रम के मौके पर स्थानीय यज्ञ मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और पार्टी के सांसद दिलीप सैकिया भी जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी के मीडिया प्रभारी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को दिल्ली से विशेष विमान से सीधे दुमका पहुंचेंगे और दुमका एयरपोर्ट से यज्ञ मैदान में दिन के 11.40 बजे आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद गोड्डा के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां वे गोड्डा के भाजपा प्रत्याशी डॉ. निशिकांत दूबे के पक्ष में आयोजित रोड शो और नोमिनेशन में शामिल होंगे। इस सिलसिले में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी आज ही दुमका पहुंच रहे हैं। इधर, झामुमो प्रत्याशी नलिन सोरेन के नामांकन मौके पर पार्टी की ओर से अलग जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। इस जनसभा को मुख्य वक्ता के तौर पर राज्य के मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन संबोधित करेंगे।

इस मौके पर झामुमो के वरिष्ठ नेता पथ निर्माण मंत्री बसंत सोरेन, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन के साथ इंडिया गठबंधन में शामिल झामुमो और कांग्रेस के कई विधायक और नेता भी जनसभा को संबोधित करेंगे। दोनों दलों द्वारा एक ही दिन नामांकन दाखिल किए जाने से शुक्रवार को उपराजधानी दुमका में राजनीतिक गहमागहमी रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static