पार्टी से लौटने के बाद RIMS की छात्रा ने की आत्महत्या, बिहार की रहने वाली थी डॉ. अनीषा झा
Sunday, Mar 21, 2021-11:35 AM (IST)

रांचीः झारखंड में रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की छात्रा डॉ. अनीषा झा ने अपने पुनदाग पुलिस आउट पोस्ट (ओपी) क्षेत्र के पुनदाग सेल सिटी स्थित फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. अनीषा की शादी 3 साल पहले डॉ. मयंक से हुई थी। डॉ. मयंक झा सैमफोर्ड अस्पताल में चिकित्सक हैं। शुक्रवार को पति-पत्नी एक पार्टी में गए थे। देर रात पार्टी से लौटने के बाद अनीषा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह बिहार में पटना की रहने वाली थी। पुलिस मृतका के पति से भी पूछताछ कर रही है।
वहीं रांची के निजी अस्पताल में कार्यरत डॉ. मयंक ने बताया कि वह तुरंत अनीषा को लेकर सैमफोर्ड अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। अब तक यह पता नहीं चल सका है कि अनीषा ने आत्महत्या क्यों की। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।