मातम में बदली बर्थडे पार्टी! बड़ौदा घाट में डूबे तीन दोस्तों में से 2 की मौत; सभी थे इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र
Sunday, Jun 08, 2025-12:23 PM (IST)

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में एक बेहद दुखद और दिल दहलाने वाला हादसा हो गया। यहां तीन इंजीनियरिंग छात्र बड़ौदा घाट में गहरे पानी में डूब गए जिनमें 2 की मौत हो गई और 1 को सकुश्ल बचा लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बागबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ौदा घाट की है। मृतक छात्रों की पहचान मानगो निवासी शुभम कुमार और कदमा निवासी शशांक के रूप में हुई है जो कि आरवीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के सिक्स सेमेस्टर के छात्र थे। बताया जा रहा है कि बागबेड़ा निवासी पार्थ कुमार का जन्मदिन था। वहीं पार्थ कुमार शुभम कुमार और शशांक के साथ जन्मदिन मनाने बड़ौदा घाट पहुंचे। जहां तीनों नहाने के क्रम में घाट में उतरे और गहरे पानी में डूब गए। वहीं इस हादसे में शुभम कुमार और शशांक कुमार की जान चली गई। वहीं पार्थ कुमार को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला परिषद सदस्य कविता परमार नदी घाट पर पहुंची। गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। गोताखोरों की टीम ने घाट से दोनों छात्रों के शव को बाहर निकाला, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं इस हादसे ने पल भर में जन्मदिन के जश्न को मातम में बदल दिया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।