झारखंड में बारिश बन रही जानलेवा, हादसों में एक छात्र सहित 3 लोगों की मौत

Monday, Sep 16, 2024-01:00 PM (IST)

रांची: झारखंड के कई हिस्सों में बीते रविवार को भारी बारिश दर्ज की गई। आज यानी सोमवार को भी सुबह से ही राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में जलस्तर उफान पर है। इसी बीच भारी बारिश से राज्य में 3 लोगों की मौत हो गयी है। तीनों मृतक रांची, पलामू और लातेहार के बताए जा रहे हैं।

PunjabKesari

जानकारी के मुताबिक पलामू के छतरपुर स्थित देवगन गांव में आहर में डूबने से उमेश पासवान के 12 वर्षीय पुत्र निरंजन पासवान की मौत हो गयी जबकि रविवार सुबह लातेहार के महुआडांड़ स्थित बूढ़ा नदी के तेज बहाव में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। मृतक की पहचान चटकपुर पंचायत के उरबी गांव निवासी 55 वर्षीय फ्रांसिस लकड़ा के रूप में हुई है। वहीं, रांची के जिकरा फाॅल में घूमने गए युवक की सेल्फी लेने के चक्कर में पैर फिसला जिसके कारण फाॅल से सीधे नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई। मृत युवक रांंची के गोस्सनर काॅलेज का छात्र बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसके शव की तलाश में जुटी हुई है।

PunjabKesari

उधर, गिरिडीह में एक कोलियारी की अवैध खनन में भू धंसान हो गया। हालांकि, इससे जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राजधानी रांची में 21 सितंबर तक हल्के बादल छाये रहेंगे और कहीं-कहीं हल्के दर्जे की बारिश हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static