झारखंड राज्यसभा चुनाव: JMM ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को बनाया उम्मीदवार, कल दाखिल करेंगे नामांकन
Sunday, Jun 07, 2026-10:38 AM (IST)
Rajya Sabha Elections: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने राज्य की दो राज्यसभा सीट में से एक के लिए पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को शनिवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। राज्यसभा की इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा।
झामुमो के महासचिव एवं प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने पत्रकारों को बताया कि राम आठ जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। दूसरी सीट के बारे में भट्टाचार्य ने कहा कि कांग्रेस के साथ चर्चा के बाद पार्टी नेतृत्व इस पर अंतिम निर्णय लेगा। कांग्रेस ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रणव झा को राज्य की दो राज्यसभा सीट में से एक के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था।
कांग्रेस नेता राधाकृष्ण किशोर ने दावा किया कि झारखंड की दो राज्यसभा सीट में से एक झामुमो को, और दूसरी कांग्रेस को मिलेगी, क्योंकि 81 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन के 56 सदस्य हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह राज्यसभा की दो सीट में से एक पर उम्मीदवार उतारेगी, लेकिन उसने अभी तक उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है।
झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद राज्यसभा की एक सीट रिक्त हो गई थी जबकि भाजपा सदस्य दीपक प्रकाश 21 जून को अपना छह साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया एक जून से शुरू हुई थी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है। मतदान 18 जून को होगा।

