Ranchi: कृषि कानून और महंगाई पर विशेष चर्चा के दौरान सदन में विपक्ष का हंगामा

3/22/2021 7:25:47 PM

रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में सोमवार को दूसरी पाली में कृषि कानून और महंगाई पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्यों के जोरदार हंगामे और नारेबाजी के कारण विशेष वाद-विवाद चर्चा पूरी नहीं हो पाई। इस चर्चा के दौरान विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी विधायकों ने जोरदार तरीके से हंगामा किया, जिसके कारण सिर्फ दो विधायक भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के विनोद कुमार सिंह और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सुदीव्य कुमार सोनू ही अपनी बात रख पाये। लेकिन, वह भी शोर-शराबे के कारण पूरी तरह नहीं सुना जा सका।       

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कृषि कानून और महंगाई पर विशेष वाद-विवाद शुरू कराने के लिए भाकपा-माले के विनोद कुमार सिंह का नाम पुकारा तब भाजपा के सीपी सिंह ने कहा कि जब विधानसभा में कृषि कानून पेश ही नहीं किया गया तो फिर इस पर चर्चा का कोई औचित्य नहीं बनता है। उन्होंने कहा कि यदि सदन में कृषि और महंगाई पर चर्चा होती तो भाजपा विधायक वाद-विवाद में जरूर हिस्सा लेते। भाजपा के अधिकांश विधायक भोजनावकाश के बाद काला शर्ट पहन कर सदन में आये थे। हंगामा कर रहे भाजपा के कुछ विधायक आसन के निकट रिपोटर्र टेबुल पर आ कर बैठ गये जबकि कुछ सदस्य वेल में नारेबाजी करते रहे।       

भाजपा सदस्यों के हंगामे के बीच ही भाकपा-माले के विनोद कुमार सिंह और झामुमो के सुदीव्य कुमार सोनू ने अपनी बात रखी। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सदन को व्यवस्थित करने का हर संभव प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिये गये फैसले के अनुरूप आज सदन में कृषि कानून और महंगाई पर चर्चा हो रही है। समिति की बैठक में भाजपा की ओर से कुछ नहीं कहा गया था, इसलिए अभी चर्चा को सुचारू रूप से चलने देना चाहिए। लेकिन विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static