हत्या मामले में आरोपी ने थाने में की आत्महत्या, 5 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज...SSP ने किया निलंबित

Friday, Mar 06, 2026-11:43 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के रांची जिले में बीते गुरुवार को एक लड़के की हत्या के आरोपी एक व्यक्ति ने पुलिस हिरासत में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस घटना के बाद रांची के एसएसपी ने पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया जबकि दो के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की है।

कंबल से फांसी लगाकर की आत्महत्या
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान खूंटी जिले के निवासी जगाई मुंडा (45) के रूप में की गयी है। यह घटना नामकुम पुलिस थाने में हुई। मुंडा के शव को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। डीएसपी और रांची पुलिस के प्रवक्ता अमर पांडे ने कहा, ''मामले की जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया गया है। मुंडा पर 12 वर्षीय एक लड़के की हत्या का आरोप था।'' पुलिस के अनुसार, मुंडा ने हल्की ठंड को देखते हुए उसे दिये गये कंबल की मदद से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक बयान के अनुसार, मुंडा के खूंटी में रहने वाली 32 वर्षीय एक महिला के साथ लगभग छह साल तक कथित तौर पर अवैध संबंध थे। इसके अनुसार यह महिला 12 वर्षीय लड़के की मां थी। बयान के अनुसार मुंडा की पत्नी को जब अपने पति के अवैध संबंध के बारे में पता चला तो महिला ने उससे मिलना बंद कर दिया। बयान में कहा गया है कि मुंडा का एक मार्च को बीआईटी मेसरा रेलवे पटरी के पास महिला से झगड़ा हुआ था और उसने महिला को धमकी दी थी कि अगर वह उससे नहीं मिलेगी तो वह उसके बेटे को मार डालेगा। इसके अनुसार मुंडा ने दो मार्च को उसके बेटे का अपहरण कर लिया और उसे भुइयांडीह के जंगल में ले गया, जहां उसने लड़के का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

थाने के प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू
बयान में कहा गया है कि लड़के की मां ने तीन मार्च को नामकुम पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि मुंडा ने बदला लेने के लिए उसके बेटे का अपहरण किया था। इसके अनुसार प्राथमिकी के आधार पर मुंडा को गिरफ्तार किया गया और उसके कबूलनामे के आधार पर लड़के का शव बरामद किया गया। पुलिस बयान में कहा गया है कि नामकुम पुलिस थाने के प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static