धारदार हथियार से की व्यक्ति की हत्या, भागने के दौरान कर दिया एक और गुनाह...3 लोगों की मौत

Friday, Mar 06, 2026-12:42 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में बीते गुरुवार रात अवैध कोयला कारोबार को लेकर हिंसक घटना सामने आई। धारदार हथियार से एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जबकि हमलावरों के भागने के दौरान कई लोग वाहन की चपेट में आ गए। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

हमलावरों ने कई लोगों को कुचला
बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापो गांव में गुरुवार रात अवैध कोयला कारोबार से जुड़े रोहित साव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावर स्कॉर्पियो वाहन से गांव पहुंचे थे और उन्होंने रोहित साव पर हमला कर दिया। घटना के बाद हमलावर स्कॉर्पियो से भागने लगे। इसी दौरान वाहन ने कई लोगों को कुचल दिया, जिसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान प्रदीप साव समेत दो लोगों की रांची में मौत हो गई।

मामले की जांच शुरू
घटना में मृतक की पत्नी और दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की स्कॉर्पियो गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर बड़कागांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना अवैध कोयला कारोबार से जुड़ी हो सकती है। बताया जा रहा है कि नापो गांव के बरवानिया इलाके में नए कोल हार्ड कूप फैक्ट्री के निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था। पिछले दो महीनों से क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार तेजी से बढ़ा है और इसी कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई को घटना का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static