योगी सरकार के जनसंख्या नियंत्रण कानून पर बोले MP संजय सेठ- झारखंड में भी लागू हो ये कानून
Monday, Jul 12, 2021-03:49 PM (IST)

रांचीः उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के जनसंख्या नियंत्रण से संबंधित व्यवस्था लागू किए जाने का रांची के सांसद संजय सेठ ने स्वागत करते हुए कहा कि झारखंड में भी यह कानून लागू किया जाना चाहिए।
सेठ ने रविवार को कहा कि योगी सरकार का यह फैसला निश्चित रुप से एक कड़ा संदेश है। ऐसे लोग जिन्हें देश की व्यवस्था से कोई मतलब नहीं है। जो बेतहाशा जनसंख्या बढ़ाने के लिए जिम्मेवार है। उनके लिए यह फैसला साफ सन्देश है। लोगों को समझना चाहिए कि जब हमारे पास संसाधन सीमित हैं, चाहे वह प्राकृतिक संसाधन हों या मानवनिर्मित संसाधन। ऐसी परिस्थिति में सामान्य समझ आम नागरिकों को भी दिखानी चाहिए, जब हम समझदारी नहीं दिखाते हैं तो सरकार को कानून बनाना पड़ता है।
सांसद ने कहा कि अनियंत्रित जनसंख्या वृद्धि प्रकृति, पर्यावरण और सब के लिए बड़ा संकट बन चुकी है। बढ़ती जनसंख्या का परिणाम हमारे दैनिक जीवनचर्या पर पड़ने लगा है। ऐसी स्थिति में उत्तर प्रदेश सरकार ने बहुत ही साहसिक और स्वागत योग्य कदम उठाया है। इससे पूर्व असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्वा ने इसे सख्ती से लागू भी कर दिया। यह बहुत जरूरी है कि अब हर राज्य कानून बनाने की दिशा में पहल करें। दो से अधिक बच्चे रखने वालों को हर सरकारी सुविधा से वंचित किया जाए। यदि हमने इस गंभीर मामले में थोड़ी कठोरता नहीं दिखाई तो आने वाली पीढ़ी हमें माफ़ नहीं करेगी। ऐसी स्थिति में झारखण्ड सरकार से मेरा आग्रह है कि इस दिशा में कठोर कदम उठाएं और जनसंख्या नियंत्रण कानून यहां भी लागू किया जाए।