धोखेबाज सरकार को हटाकर चैन की सांस लेंगे राज्य के युवा, बाबूलाल मरांडी का हमला

Wednesday, Aug 14, 2024-07:57 AM (IST)

रांचीः झारखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर बड़ा निशाना साधा। मरांडी आगामी 23 अगस्त को रांची में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवा आक्रोश रैली की तैयारी के लिए आयोजित रांची महानगर एवं ग्रामीण जिला की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

PunjabKesari

बाबूलाल मरांडी ने कहा राज्य की युवा शक्ति हेमंत सरकार से अब आर पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार धोखेबाज सरकार है। साढ़े चार वर्षों से केवल धोखा ही दे रही है। इसने युवाओं, किसानों, पारा शिक्षकों, संविदा कर्मियों सभी को ठगा है। 5 साल पहले चिल्ला चिल्ला कर वादे किए। घोषणा पत्र में किए। सदन में किए, सड़क पर किए। लेकिन घोषणाएं केवल घोषणाएं ही बनकर रह गई। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार से राज्य का युवा हिसाब मांग रहा है। अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ किए जाने पर जवाब मांग रहा है।

मरांडी ने कहा कि 23अगस्त को राज्य के लाखों युवा मुख्यमंत्री के आवास पहुंचेंगे और पूछेंगे 5 लाख नौकरी का क्या हुआ। बेरोजगारी भत्ता कहां गया। वे पूछेंगे कि पारा शिक्षकों के नियमितीकरण, वेतनमान का क्या हुआ। संविदा कर्मियों के स्थायीकरण का क्या हुआ। सहायक पुलिस कर्मियों के नियमितीकरण का क्या हुआ। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यह भी जानना चाहेगी कि वादा नही पूरी करने पर इस्तीफा देने, गद्दी छोड़ देने के वादे का क्या हुआ।

PunjabKesari

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ साथ शिबू सोरेन के बेटे से भी उत्तर चाहेगा। क्योंकि ये सारे वादे अपने पिता के नाम की दुहाई देकर हेमंत सोरेन ने किया था। उन्होंने कहा कि इंडी ठगबंधन का ट्रैक रिकॉर्ड केवल ठगने का है। जबकि भाजपा की सरकार चाहे केंद्र की हो या विभिन्न राज्यों में। अपने संकल्प पत्रों को धरातल पर उतार रही। कहा कि केंद्र सरकार आज 80 करोड़ लोगों तक मुफ्त अनाज से रही, किसान सम्मान निधि नियमित खाते में भेजे जा रहे। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश की सरकारें भी लाडली लक्ष्मी, महतारी वंदन जैसी योजनाओं का लाभ लाखों परिवार तक पहुंचा रही। मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार ने फिर से मइयां योजना से जनता को ठग रही। कहा कि ऐसे भ्रष्ट निकम्मी सरकार की विदाई तय है। जनता इन्हें सन्यास दिलाने के लिए संकल्पित है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static