हज यात्रियों को बड़ी राहत: झारखंड में 1,670 हाजियों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच व टीकाकरण

Friday, Feb 06, 2026-12:16 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड से इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य सरकार ने हज यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की प्रक्रिया को समय पर और सुचारु रूप से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

"स्वास्थ्य जांच पूरी होने के बाद ही टीकाकरण और वीजा की प्रक्रिया शुरू होगी"
इस वर्ष झारखंड से कुल 1,670 हज यात्री हज पर जाएंगे। इन सभी यात्रियों की चिकित्सीय जांच 7 फरवरी तक पूरी की जाएगी, जबकि 8 फरवरी से टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू होगी। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री एवं झारखंड राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ बैठक की। बैठक में हज यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डॉ. अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार हज यात्रियों को बेहतर, सुचारु और सम्मानजनक सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हज यात्रियों को किसी भी स्तर पर किसी तरह की परेशानी या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि चिकित्सीय जांच के दौरान यात्रियों की सभी आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाएगी। स्वास्थ्य जांच पूरी होने के बाद ही टीकाकरण और वीजा की प्रक्रिया शुरू होगी। चूंकि यह पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और संवेदनशील है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

"राज्य सरकार यात्रियों को हर संभव सुविधा देगी"
मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी जिलों के सिविल सर्जनों की बैठक शीघ्र आयोजित की जाए और स्पष्ट गाइडलाइन जारी की जाए। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में एक नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति की जाएगी, जो चिकित्सीय जांच और टीकाकरण की प्रक्रिया की निगरानी करेगा। डॉ. अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हज कमेटियों के संसाधनों में कटौती से हज यात्रियों में निराशा है, लेकिन राज्य सरकार यात्रियों को हर संभव सुविधा देगी। उन्होंने रांची से इमिग्रेशन प्वाइंट हटाकर कोलकाता किए जाने पर भी चिंता जताई और बताया कि इस मामले को लेकर हज कमेटी ऑफ इंडिया से बातचीत हो चुकी है। जल्द ही मुंबई जाकर इस विषय पर ठोस पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाती हैं, उसी तरह हज यात्रियों को भी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की सुविधा दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static