शादी में दुल्हनों को सजाएंगे किन्नर...झारखंड में ट्रांसजेंडर समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा कदम

Saturday, Apr 11, 2026-04:54 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ जिले से एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है, जहां ट्रांसजेंडर समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब यह समुदाय पारंपरिक सीमाओं से बाहर निकलकर सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़ रहा है।

शादी में दुल्हनों को सजाएंगे किन्नर
जिले में ट्रांसजेंडर (किन्नर) समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक खास पहल की गई है। यह समुदाय लंबे समय से समाज में उपेक्षित रहा है, लेकिन अब उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश हो रही है। अब किन्नर समुदाय के लोग सिर्फ बधाई देने या ताली बजाने तक सीमित नहीं रहेंगे। वे अब शादी-विवाह में दुल्हनों को सजाने-संवारने का काम भी करेंगे। इसके साथ ही वे अपने ब्यूटी पार्लर खोलकर महिलाओं को कम कीमत में अच्छी सेवाएं भी देंगे।

ट्रांसजेंडर समुदाय के आत्मसम्मान को बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम
दरअसल, रामगढ़ जिले के डीसी फैज अक अहमद मुमताज की पहल पर 16 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए ब्यूटीशियन ट्रेनिंग कार्यक्रम चलाया गया। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए। अब प्रशिक्षण पाने वाले लोग अपना खुद का काम शुरू कर सकते हैं। इससे वे न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि समाज में सम्मान के साथ जीवन जी सकेंगे और दूसरों को भी रोजगार दे सकेंगे।

ट्रांसजेंडर समुदाय की रामगढ़ प्रमुख हिमांशी ने बताया कि अब उनके लोग ब्राइडल मेकअप, नॉर्मल मेकअप और ब्यूटी से जुड़े सभी काम प्रोफेशनल तरीके से कर पाएंगे। इससे उनकी आय बढ़ेगी और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। यह पहल केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि ट्रांसजेंडर समुदाय के आत्मसम्मान को बढ़ाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static