झारखंड में ठंड का सितम, घने कोहरे से थमी रफ्तार; गुमला में पारा 2.2 डिग्री... लोग हाल से बेहाल

Tuesday, Jan 06, 2026-02:46 PM (IST)

Jharkhand Weather Update: झारखंड ठंड की चपेट में है एवं घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार थाम रखी है। कड़ाके की सर्दी और घने कुहासे ने लोगों का जीवन हाल-बेहाल कर रखा है। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक सीमित रह गई। घना कोहरा छाने से सड़क परिवहन, रेल और हवाई सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। वहीं तापमान तेजी से गिरने के साथ ही ठंड का असर बहुत बढ़ गया है। मौसम विभाग ने तापमान के रुझान को लेकर कहा है कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है।

गुमला में 2.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा

विभिन्न जिलों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो गुमला में 2.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। जबकि खूंटी में 3.7 डिग्री, वहीं मैक्लुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस और कांके का 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। क्षोभमंडल के निचले स्तरों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने के कारण पारे में गिरावट आई है। झारखंड के अन्य जिले जहां तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा, उनमें बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, खूंटी, सिमडेगा और पलामू शामिल हैं।

8 जनवरी तक प्री नर्सरी से कक्षा 12वीं तक छुट्टियों की घोषणा

शीतलहर और ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए राज्य में संचालित सभी कोटि के सरकारी और गैर सरकारी सहायता प्राप्त और गैर सहायता प्राप्त, निजी स्कूलों में 6 से 8 जनवरी तक के लिए प्री नर्सरी से कक्षा 12वीं तक छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और शाम के समय विशेष सतकर्ता बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के लिये गर्म कपड़े पहनने और अन्य आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static