गुमला में गैस सिलेंडर की कमी की अफवाह गलत, जिला प्रशासन ने कहा– आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

Saturday, Mar 14, 2026-06:17 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के गुमला जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी को लेकर चल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति साफ कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

"कहीं भी किसी तरह की कमी नहीं"
गुमला जिला प्रशासन ने बताया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है और कहीं भी किसी तरह की कमी नहीं है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर सभी प्रखंडों में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कुछ गैस वितरकों के यहां उपभोक्ताओं की भीड़ जरूर देखी गई, लेकिन जांच में यह पाया गया कि गैस सिलेंडरों की सप्लाई नियमित रूप से जारी है और कहीं भी आपूर्ति बाधित नहीं है।

"लोगों को किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं"
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में आकर बुकिंग न करें। प्रशासन के अनुसार जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने बताया कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर नजर रखने के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड स्तर तक टीमों को सक्रिय रहकर काम करने और लोगों को समय पर गैस उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्था पर नजर रखे हुए है, ताकि किसी भी स्थिति में लोगों को परेशानी न हो।

डीसी ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर रखें और अनावश्यक रूप से घरों में सिलेंडर जमा न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को आसानी से गैस उपलब्ध हो सके। प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि जिले में किसी तरह की अफवाह या भ्रम की स्थिति न बने।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static