झारखंड घाटशिला उपचुनाव में मतदान की अंतिम सूची जारी, 2.55 लाख से अधिक वोटर
Monday, Sep 29, 2025-06:31 PM (IST)

रांची: झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सह पूर्वी सिंहभूम के डीसी कर्ण सत्यार्थी ने मतदाता सूची की अंतिम सूची जारी कर दी। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में ताजा आंकड़ों के मुताबिक चुनावी रणभूमि में 2,55,823 मतदाता अपने नये विधायक का फैसला सुनायेंगे।
1,24,899 पुरुष, 1,30,921 महिला और तीन थर्ड जेंडर मतदाता हैं। ऐसे में अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ये 2.55 लाख से अधिक मतदाता किसके पक्ष में जनादेश लिखते हैं और घाटशिला को नया जनप्रतिनिधि कौन मिलेगा। हाल ही में जिला निर्वाचन द्वारा किये गये पुनरीक्षण में 5,253 नये आवेदन आये, जिनमें से 5,171 को हरी झंडी मिल गई। वहीं, 715 नाम मतदाता सूची से हटे। नतीजा यह हुआ कि मतदाताओं की संख्या में कुल 4,456 का इजाफा हुआ और अब घाटशिला में 2,55,820 मतदाता दर्ज हैं। 18 से 19 साल की उम्र वाले मतदाताओं की संख्या भी तेजी से बढ़कर 16,178 हो गई है। वहीं 85 साल से ऊपर के अनुभवी मतदाता 629 रह गये हैं।
सर्विस वोटर की संख्या भी बढ़कर 368 पहुंच गई। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 300 बूथ बनाए गए हैं। इनमें से किन्हें वलनरेबल घोषित किया जाएगा, इस पर जिला प्रशासन छह चरणों में जांच कर रहा है। अंतिम सूची जल्द तैयार होगी। घाटशिला उपचुनाव में झामुमो और भाजपा के बीच लड़ाई तय मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक झामुमो से पूर्व शिक्षा मंत्री स्व रामदास सोरेन के परिवार को टिकट मिलना लगभग तय बताया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर भाजपा खेमे में पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन और दावेदार रमेश हांसदा के बीच रस्साकशी जारी है।