आदिवासी संगठनों के आज झारखंड बंद का दिख रहा मिला-जुला असर, गुमला व लोहरदगा मार्ग को किया जाम
Wednesday, Jun 04, 2025-11:54 AM (IST)

Jharkhand Bandh: झारखंड की राजधानी रांची के सिरमटोली रैंप के विरोध में आज आदिवासी संगठनों के झारखंड बंद का राज्य में मिलाजुला असर रहा। आदिवासी बचाओ मोर्चा और केंद्रीय सरना स्थल सिरमटोली बचाओ मोर्चा की तरफ से इस बंद का आह्वान किया गया है। राजधानी रांची में भी बंद का असर देखा जा रहा है। लंबी दूरी की बसें नहीं चल रही है। सड़कों पर वाहनों का आवागमन आम दिनों की तुलना में काफी कम है। ज्यादातर दुकानें बंद है।
गुमला व लोहरदगा मार्ग को किया जाम
गुमला में इसका असर देखने को मिल रहा है। आदिवासी संगठन के लोग सड़कों पर उतरकर बंद को सफल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान शहर से करीब 10 किमी दूर टोटो में संगठन के लोगों ने गुमला व लोहरदगा मार्ग को जाम कर दिया है।
बता दें कि बंद से पूर्व कल शाम को रांची में मशाल जुलूस भी निकाला गया था। बंद सिरमटोली सरना स्थल के पास से रैंप हटाने की मांग को लेकर बुलाया गया है।झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने आदिवासी बचाओ मोर्चा के झारखंड बंद को समर्थन किया है। राज्य के अन्य भागों से भी बंद का मिला-जुला असर की सूचना प्राप्त हुई है। इस दौरान अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।