झारखंड में NDA के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश के साथ सशक्त सरकार का बनना तय: चिराग पासवान

Friday, Oct 25, 2024-11:50 AM (IST)

रांची: झारखंड के चतरा विधानसभा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से एनडीए के उम्मीदवार जनार्दन पासवान ने बीते गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया। अनुमंडल पदाधिकारी चतरा के समक्ष झारखंड के लोजपा (रा) प्रभारी सह जमुई सांसद अरुण भारती और अपने हजारों एनडीए के समर्थकों के साथ जनार्दन नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे।

नामांकन के पश्चात चतरा के सदर थाना मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्र सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में हेमंत सोरेन और इंडी गठबंधन पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि हेमंत सोरेन की अगुवाई में चल रही सरकार ने राज्य में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का रिकॉर्ड कायम कर दिया है। पिछले पांच सालों में राज्य में हर विभाग में लूट मची रही। सरकार के मुखिया से लेकर मंत्रियों तक के भ्रष्टाचार के किस्से हर जुबान पर रहे। इस चुनाव में झारखंड की जनता ऐसे भ्रष्ट और निरंकुश सरकार को उखाड़ फेंकेगी। पासवान ने कहा कि झारखंड में एनडीए के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश के साथ सशक्त सरकार का बनना तय है। केंद्रीय मंत्री पासवान ने चतरा की जनता से लोजपा (रा) के उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने की अपील की है। चतरा में केंद्रीय मंत्री के संबोधन के बीच में मूसलाधार बारिश के बीच में जनसैलाब की शक्ल में उमड़ी भीड़ टस से मस नहीं हुई। बारिश में भीगते हुए भी चिराग पासवान और एनडीए के लिए अभूतपूर्व जनसमर्थन देखने को मिला।

केंद्रीय मंत्री पासवान ने झारखंड में महिला, किसान, नौजवान और संविधान के संरक्षण के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि झारखंड में एनडीए के शासन में विकास के रोडमैप को अगले पांच वर्ष में सुदृढ़ तथा समावेशी बनाया जाएगा ताकि वंचित वर्ग के साथ सभी वर्गों का कल्याण हो। उन्होंने आज चतरा और सिमरिया में दो सभाओं को संबोधित कर एनडीए के पक्ष में जनता से उनका आशीर्वाद मांगा है। वहीं, नामांकन कार्यक्रम में लोजपा (रा) के झारखंड प्रभारी सह जमुई सांसद अरुण भारती, चतरा सांसद कालीचरण सिंह, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, भाजपा के चतरा जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता, राष्ट्रीय प्रवक्ता धीरेंद्र कुमार मुन्ना सहित भाजपा, लोजपा, जदयू और आजसू के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static