"इंडिया गठबंधन एकजुट", हिमंत बिस्वा के बयान पर तेजस्वी का पलटवार, कहा- फिर से झारखंड के CM बनेंगे हेमंत सोरेन

Wednesday, Oct 23, 2024-12:44 PM (IST)

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए ‘इंडिया' गठबंधन के घटक दलों के बीच सीट आवंटन को लेकर गतिरोध के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने बीते मंगलवार को कहा कि सीटों को लेकर सहमति बन गयी है।

"हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे"
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की यह टिप्पणी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के उस आरोप के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यादव की विपक्षी गठबंधन में ‘‘कोई ब्रांड वैल्यू नहीं है'', क्योंकि वह ‘‘मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर तीन बार जाने'' के बावजूद आगामी चुनावों के लिए पर्याप्त सीटें पाने में ‘‘विफल'' रहे। इस पर तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘इंडिया गठबंधन एकजुट है और हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। हेमंत सोरेन फिर से झारखंड के मुख्यमंत्री होंगे। तेजस्वी ने भाजपा पर झारखंड को बर्बाद करने और ‘‘संविधान विरोधी तथा आरक्षण विरोधी'' होने का आरोप लगाया।

बता दें कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बीते मंगलवार को आरोप लगाया कि ‘इंडिया' गठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव की कोई ‘ब्रांड वैल्यू' (अहमियत) नहीं है, क्योंकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के घर 3 बार जाने के बावजूद वह झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पर्याप्त सीट हासिल करने में 'नाकाम' रहे। शर्मा ने कहा कि वह झारखंड में ‘इंडिया' गठबंधन के साझेदारों के बीच सीट-बंटवारे की व्यवस्था में यादव के समक्ष आ रही दुश्वारियों को लेकर ‘दुखी' महसूस कर रहे हैं।

बता दें कि हेमंत सोरेन ने घोषणा की थी कि इंडिया गठबंधन में झामुमो और कांग्रेस 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और 11 सीटें राजद और माले के लिए छोड़ दी गई है। इस मुद्दे पर आरजेडी के प्रवक्ता मनोज झा ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी को 12-13 सीटों से कम स्वीकार्य नहीं है। अगर इतनी सीटें नहीं मिलती है तो पार्टी खुद अलग से चुनाव लड़ेंगी। हालांकि तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन में सहमति बन गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static