जमशेदपुर के अधिराज मित्रा बने कॉमनवेल्थ अंडर-14 शतरंज चैंपियन, CM हेमंत से की मुलाकात
Saturday, Feb 28, 2026-03:27 PM (IST)
Ranchi News: अधिराज मित्रा ने राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 (अंडर-14) में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है। शनिवार को उन्होंने हेमन्त सोरेन से मुलाकात कर अपनी इस उपलब्धि की जानकारी दी।
हेमन्त सोरेन ने अधिराज को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी
अधिराज मित्रा जमशेदपुर के निवासी हैं और लोयला स्कूल जमशेदपुर में कक्षा 8 के छात्र हैं। यह प्रतियोगिता 7 से 16 नवंबर 2025 तक मलेशिया में आयोजित की गई थी, जिसमें राष्ट्रमंडल देशों के कई शीर्ष खिलाड़ियों ने भाग लिया था। अधिराज ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रतियोगिता का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अधिराज को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में खेल के प्रति समर्पण और प्रतिभा काबिले-तारीफ है। राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उनकी माता रुना मित्रा, पिता उत्तम मित्रा और कोच अभिषेक दास भी उपस्थित रहे।

