सत्ता के इशारे पर पत्थर फेंकने वाली हेमंत सोरेन की पुलिस है पत्थरबाज: बाबूलाल मरांडी

Saturday, Aug 24, 2024-03:09 PM (IST)

रांची: बीते शुक्रवार को भाजमुयो के आक्रोश रैली के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस पर पत्थरबाजी के आरोपों पर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एसपी का बेहद आपत्तिजनक वक्तव्य संज्ञान में आया है। इनकी बातों को सुनकर लगता है कि ये राजनीतिक पूर्वाग्रह से ग्रसित हैं और अपनी जिम्मेदारियों को छोड़कर झामुमो कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन की पत्थरबाजी पुलिस ने निहत्थे महिलाओं, युवाओं पर अंधाधुंध पत्थर बरसा कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी करने और उकसाने का प्रयास किया। मरांडी ने कहा कि मेरे संबोधन के दौरान भी हेमंत सोरेन और इन जैसे अधिकारियों के इशारे पर ही निर्दोष, निहत्थे युवाओं पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए। रांची एसपी जान लें कि भारत माता की जय बोलने वाला सच्चा देशभक्त होता है, कोई पत्थरबाज नहीं। सत्ता के इशारे पर पत्थर फेंकने वाली हेमंत सोरेन की पुलिस पत्थरबाज है।

बता दें कि रांची में बीते शुक्रवार को हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने युवा आक्रोश रैली का आयोजन किया। इस रैली में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मोरहाबादी मैदान पहुंचे। युवाओं को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की और आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जिसके बाद नेता बाबूलाल मरांडी ने इस रैली में सरकार पर युवाओं को रोकने का आरोप लगाया है। मोरहाबादी मैदान से मुख्यमंत्री आवास तक रैली निकालने की बीजेपी की योजना थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static