टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी की छत से गिरकर मौत, बेटी को मुंबई छोड़ने के बाद तनाव में थे संदीप पाल
Tuesday, Sep 15, 2026-10:33 AM (IST)
रांची: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में टाटा स्टील के मर्चेंट मिल के पूर्व अधिकारी संदीप पाल की बहुमंजिला इमारत की छत से गिरने से मौत हो गई। घटना बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गाडर्न फेज-7 की है।
जानकारी के अनुसार, संदीप पाल सोमवार सुबह अपने फ्लैट से निकलकर छत पर गए थे। इसी दौरान वह छत से नीचे गिर गए। गिरने की आवाज और घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि संदीप पाल पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे।
यह भी पढ़ें- चंपावत में कांग्रेस को बड़ा झटका: नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जन प्रतिनिधियों ने थामा BJP का दामन
करीब 15 दिन पहले वह अपनी बेटी का दाखिला मुंबई के एक कॉलेज में कराने के बाद जमशेदपुर लौटे थे। परिजनों के मुताबिक, बेटी को मुंबई में छोड़ने के बाद वह उसकी सुरक्षा और वहां के माहौल को लेकर चिंतित रहते थे। पुलिस के अनुसार, घटना के समय शंकर हेंब्रम घर में सो रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

