Latehar News... लातेहार में पलामू बाघ अभयारण्य में मिला हाथी का शव, मचा हड़कंप
Sunday, Mar 02, 2025-04:06 PM (IST)

लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में पलामू बाघ अभयारण्य (पीटीआर) में एक हाथी का शव मिला है। एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी। हाथी का शव शनिवार दोपहर रिजर्व के बेतला रेंज के अंतर्गत तेलही पहाड़ी में मिला।
लातेहार जिले में एक महीने में जंगली हाथी की मौत की यह तीसरी घटना है और सभी मामलों में हाथियों के बीच संघर्ष होने का संदेह है। बेतला के रेंजर उमेश दुबे ने कहा, "बृहस्पतिवार को रेंज में तीन खोरिया के पास एक अन्य हाथी के साथ संघर्ष के दौरान हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया था। पशु चिकित्सक हाथी का इलाज कर रहे थे, लेकिन वह उस जगह से चला गया जहां उसका इलाज किया जा रहा था और शनिवार को तलाश के दौरान तेलही पहाड़ी के पास उसका शव मिला।"
दुबे ने कहा कि हाथी के शव को पोस्टमार्टम के बाद दफना दिया गया है। 16 फरवरी को पीटीआर के दक्षिण डिवीजन के गारू पश्चिमी रेंज में एक नर हाथी का शव मिला था। इससे पहले सात फरवरी को वन अधिकारियों को लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के दुध मतिया जंगल में एक नर हाथी का खून से लथपथ शव मिला था। बताया गया कि दोनों हाथी अन्य हाथियों के साथ संघर्ष में मारे गए थे।