दुमका पुलिस ने 4 अपराधियों को किया गिरफ्तार, लूट कांड की बना रहे थे योजना
Saturday, Aug 09, 2025-04:09 PM (IST)

दुमका: झारखंड में दुमका पुलिस ने दुमका, पाकुड़ समेत अन्य सीमावर्ती जिलों में लुट डकैती जैसे कई कांडों में संलिप्त एवं फरार 4 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने के प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने देर शाम बताया कि गुप्त सूचना मिली कि दुमका, पाकुड़ सहित सीमावर्ती जिले में कई अपराधिक घटनाओं में संलिप्त अपराधी बड़का मरांडी उर्फ टिक्की अपने अन्य साथियों के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने के लिए गोपीकान्दर थाना क्षेत्र के गम्हरिया क्रेशर प्लांट के आस-पास देखा गया। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देश में दुमका के सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा गम्हरिया क्रेशर प्लांट के आस-पास के क्षेत्र में गहन सर्च अभियान चलाया गया।
अपराधियों के पास से अवैध देशी कट्टा, छुरा, मोबाईल, बाइक बरामद
इस दौरान चार संदिग्ध व्यक्ति को सुनसान जगह पर बातचीत करते देखा गया। सर्च अभियान के क्रम में पुलिस को देखकर चारों संदिग्ध व्यक्ति इधर- उधर भागने लगा। तभी सभी को खदेड़ कर पकड़ा गया और तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान सभी के पास से चार अवैध देशी कट्टा और छुरा, मोबाईल, रूपया एवं मोटरसाइकिल बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान चारों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि वे लोग गम्हरिया स्थित क्रेशर प्लांट में लूटपाट करने की योजना बना रहे थे। इस संबंध में गोपीकांदर थाना में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आज कांड संख्या 29/2025 दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि छापामारी के दौरान पकड़ाये गये अपराध कर्मियों में बड़का मराण्डी उर्फ टिक्की जो दुमका गोड्डा एवं पाकुड़ जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सी0एस0पी0 लूट काण्ड एवं स्वर्ण व्यवसायी के घर में डकैती व क्रेशर प्लांट में लूट समेत कई घटनाओं को अंजाम देकर फरार चल रहा था। उसके सहयोगी बिहार के बांका जिले के बाराहाट के मनोज साह एवं हंसडीहा के स्वर्ण व्यवसायी के घर डकैती एवं क्रेशर प्लांट में लूट के घटना के अंजाम देकर फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुमका जिले के दिग्घी चांदोपानी के बड़का मरांडी उर्फ टिक्की के विरुद्ध दुमका के मुफस्सिल, रानेश्वर, मसलिया, पाकुड़ जिले के पाकुड़यिा, दिग्घी, गोपीकान्दर, हंसडीहा, शिकारीपाड़ा थाना में एक दर्जन लूट व डकैती के मामले दर्ज है। वहीं गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के द्रोपद गांव के मनोज साह उर्फ मनोज मंडल के खिलाफ हत्या एवं लूट डकैतीव अपहरण की विभिन्न थाने में एक दर्जन काण्ड दर्ज है। तीसरे अपराधी गोड्डा जिले के गोड्डा मुफस्सिल थाना के मोतिया गांव के सौरभ कुमार चौधरी के विरुद्ध हत्या, रंगदारी और गोली काण्ड का मामला दर्ज है जिसमें वह जेल जा चुका है। चौथे अपराधी दुमका जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र के खेड़ी बाड़ी गांव के मनोज मुर्मू भी लूट के काण्ड में पूर्व में जेल जा चुका है। इसके विरुद्ध भी कई मामले दर्ज हैं पुलिस टीम ने इन चारों अपराधियों के पास से चार देशी कट्टा, दो गोली चाकू एवं खुरकी, लुटा हुआ एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाईिकल, एक ग्लेमर मोटरसाईिकल, विभिन्न जगहों से लूटा हुआ कुल 28600 रूपया नकद राशि बरामद किया गया।