झारखंड की राजधानी में अतिक्रमण हटाने पर बवाल, सड़क जाम से थमी शहर की रफ्तार
Wednesday, Feb 11, 2026-04:36 PM (IST)
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित खादगढ़ा और महुआ टोली में अतिक्रमण हटाने की कारर्वाई के बाद बुधवार सुबह इलाके में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। बीते मंगलवार को शुरू हुई प्रशासनिक कारर्वाई के विरोध में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और रातू रोड कब्रिस्तान के पास मुख्य सड़क जाम कर दी।
सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल बसें और यहां तक कि एंबुलेंस भी घंटों तक फंसी रहीं। पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन लंबे समय तक हालात सामान्य नहीं हो सके। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिन मकानों को तोड़ा गया, वहां कई परिवार वर्षों से रह रहे थे। उनका कहना है कि प्रशासन ने बिना पर्याप्त चेतावनी के बुलडोजर चला दिया और लोगों को अपना सामान सुरक्षित करने तक का समय नहीं दिया गया।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार मंगलवार की कारर्वाई में दर्जनों परिवार बेघर हो गए हैं। बच्चों की पढ़ाई, आजीविका और सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं। कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने जीवन भर की जमा पूंजी से अपने घर बनाए थे, जिन्हें एक झटके में तोड़ दिया गया। अब उनके सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। वहीं, प्रशासन का कहना है कि खादगढ़ा और महुआ टोली में करीब 27 कट्ठा सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण किया गया था, जिसे नियमानुसार हटाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक अतिक्रमण हटाने से पहले नोटिस भी जारी किया गया था। हालांकि स्थानीय लोग इस दावे से सहमत नहीं हैं और कार्रवाई पर रोक तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। विरोध को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासनिक अधिकारी लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और समाधान के लिए वार्ता जारी है।

