झारखंड में काल बनकर आया सोमवार! अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत, 4 घायल
Monday, Apr 06, 2026-06:05 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के पलामू और गढ़वा जिलों में सोमवार को अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो क्षेत्रीय अधिकारियों सहित चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
छतरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-98 पर एक ट्रक द्वारा सरकारी वाहन को टक्कर मारने से दो क्षेत्रीय अधिकारी घायल हो गए। दोनों अधिकारी एक सरकारी बैठक में भाग लेने के लिए पलामू जा रहे थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "नौदिहा बाजार क्षेत्रीय अधिकारी (सीओ) संजय कुमार सिंह और पिपरा सीओ जितेंद्र कुमार सिंह समेत तीन लोग उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए, जब उनकी सरकारी गाड़ी को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। वाहन चालक भी घायल हो गया। तीनों को एक सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया।"
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि गढ़वा में एक अन्य घटना में, सोमवार को गढ़की पुलिस थाना क्षेत्र में धुरकी-बिलासपुर सड़क पर एक मोटरसाइकिल के पुलिया के किनारे से टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान धर्मजीत भुइयां के रूप में हुई है, जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

