दुमका: मयूराक्षी में उफान, मसानजोर डैम का जलस्तर बढ़ने से कई गांव पर बाढ़ का खतरा

Sunday, Jul 26, 2020-01:15 PM (IST)

 

दुमकाः झारखंड के दुमका जिले में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से उफनी मयूराक्षी नदी से राज्य के साथ-साथ सीमावर्ती पश्चिम बंगाल के कई गांव में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मयूराक्षी नदी में उफान से नदी पर निर्मित मसानजोर डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। डैम के जलस्तर पर नियंत्रण रखने के लिए फिलहाल 21 में से 8 फ्लड गेट को खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। यदि इसी तरह डैम का जलस्तर बढ़ता रहा तो डैम के और फ्लड गेट को खोला जा सकता है। ऐसे में झारखंड के कुछ इलाके और पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं।

झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित देश-विदेश से हर साल भारी तादाद में आने वाले पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र मसानजोर डैम का जलस्तर लगभग 390.55 फुट तक पहुंच गया है। जिला प्रशासन और डैम प्रबंधन की ओर से सतर्कता बरतने के साथ बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। हालांकि, डैम प्रबंधन ने खतरे की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से 8 फ्लड गेट से पानी छोड़ने का कार्य प्रारंभ कर दिया है।

बता दें कि शुक्रवार को जिले में लगभग 73.80 मिलीमीटर वर्षापात रिकॉर्ड दर्ज किया गया। डैम के खतरे का निशान 396 फुट पर निर्धारित है। फिलहाल डैम का जलस्तर खतरे के निशान से 6 फुट नीचे है। लेकिन, डैम के उपरी भाग में कभी तेज और कभी मूसलाधार बारिश के कारण जल स्तर बढ़ने की आशंका बन गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Related News

static