"BJP अब न्यायपालिका को भी अपनी कठपुतली बनाना चाहती है", इरफान अंसारी का निशाना
Sunday, Apr 20, 2025-06:41 PM (IST)

रांची: झारखंड सरकार के मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. इरफान अंसारी ने गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे पर सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर तीखा हमला बोला।
डॉ. अंसारी ने जामताड़ा में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसे भारतीय लोकतंत्र, संविधान और न्यायपालिका की गरिमा पर सीधा हमला करार दिया। अंसारी ने कहा कि निशिकांत दुबे का बयान न केवल सुप्रीम कोर्ट की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि यह लोकतंत्र की बुनियाद को हिलाने वाला है। भाजपा अब न्यायपालिका को भी अपनी कठपुतली बनाना चाहती है। यह बेहद खतरनाक संकेत है। डॉ. अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आज देश नहीं जागा, तो भाजपा संविधान और कानून व्यवस्था को भी खरीद लेगी। ये लोग जातिगत जहर घोलकर न्यायपालिका को बदनाम कर रहे हैं।
अंसारी ने राष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष से मांग की कि निशिकांत दुबे को तत्काल संसद सदस्य पद से बर्खास्त किया जाए और उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो। उन्होंने यह भी कहा कि देश की तीनों प्रमुख संवैधानिक संस्थाओं — विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका में संतुलन बनाए रखना अनिवार्य है और जब न्यायपालिका पर ही हमला होगा तो लोकतंत्र का कोई अर्थ नहीं बचेगा। इस अवसर पर कांग्रेस के जामताड़ा जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, वरिष्ठ नेता अजीत दुबे, विजय दुबे, नंदकिशोर सिंह, कराली चरण सरखेल, निशापति हांसदा, बीरबल अंसारी, हराधन भुई, शाहिद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।