BJP नेताओं ने रांची में निकाला मौन मार्च, बंटवारे के दर्द को किया याद
Friday, Aug 15, 2025-10:42 AM (IST)

रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बंटवारे के दर्द को याद करते हुए बीते गुरुवार को रांची में मौन मार्च निकाला। रितु रोड स्थित भाजपा कार्यालय से शुरू हुए मार्च का समापन बिड़ला मैदान में हुआ।
भाजपा की रांची इकाई ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यालय में एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, ‘‘लाखों लोग अपने घर, परिवार, जमीन, संपत्ति और पहचान को छोड़कर विस्थापन सहने को मजबूर हुए। यह दिन उन लोगों के अनगिनत कष्टों, बलिदानों और अदम्य साहस को श्रद्धांजलि देने का अवसर है, जिन्होंने अटूट संकल्प के साथ अपने टूटे सपनों को फिर से संवारकर एक मिसाल कायम की।'' उन्होंने कहा कि लोगों को बंटवारे की भयावहता को सहन करने वाली महान विभूतियों का सम्मान करके सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।
मरांडी ने कहा, ‘‘बंटवारे से मिले सबक हमें हमेशा याद दिलाते रहेंगे कि भारत की सबसे बड़ी ताकत इसकी विविधता में निहित एकता है।'' मरांडी ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी बंटवारे के दर्द से अनजान है। पार्टी के विधायक सी.पी. सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता भी इस मौन मार्च में शामिल हुए।