भाजपा नेता केवल दिखावे की राजनीति में सक्रिय हो गए हैं: डॉ. इरफान अंसारी

Friday, May 30, 2025-06:53 PM (IST)

रांची: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं रांची विधायक सी.पी. सिंह द्वारा हाल ही में राजधानी रांची के फ्लाईओवरों पर बाइक राइड करते हुए की गई प्रचारात्मक गतिविधियों पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तीखा प्रहार किया है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि 18 वर्षों तक झारखंड की सत्ता में रहते हुए जिन नेताओं से एक ढंग का फ्लाईओवर तक नहीं बन सका, वे आज उन्हीं फ्लाईओवरों पर कैमरा लेकर रेस लगा रहे हैं मानो ये उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि हो। वास्तविकता यह है कि जिन परियोजनाओं की आधारशिला हमारी महागठबंधन की सरकार द्वारा रखी गई, जिनके लिए जनसमर्पित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अथक परिश्रम किया और जिन सपनों को वर्षों तक भाजपा ने ठगने और टालने का काम किया और आज जब वे धरातल पर खड़ी हुई हैं तो भाजपा नेता केवल दिखावे की राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। डॉ. अंसारी ने आगे कहा कि जब हमने विकास की ईंट रखी, तब इन्होंने हमारा पुतला जलाया। जब जनता के लिए काम किया, तब अफवाहें फैलाई और अब जब वही फ्लाईओवर जनता को समर्पित हो चुका है तो भाजपा नेता बाइक स्टार्ट कर शो-ऑफ़ में जुटे हैं। वाह! मेहनत हमारी, शो-ऑफ़ आपका।

मंत्री ने कहा कि जनता अब सब समझ रही है। वर्षों की निष्क्रियता और झूठे वादों के बाद अब भाजपा के नेता उन्हीं परियोजनाओं की चमक में अपनी राजनीतिक छवि चमकाना चाह रहे हैं, जिन्हें उनके कार्यकाल में वर्षों तक रोका गया। झारखंड अब बदल रहा है। यह परिवर्तन सिर्फ रांची के फ्लाईओवरों तक सीमित नहीं है, बल्कि सोच, नीति और नीयत में आया परिवर्तन है और इस परिवर्तन की बुनियाद में है मुख्यमंत्री हेमंत सोरे का विकास के प्रति समर्पण और द्दढ़ इच्छाशक्ति। डॉ. अंसारी ने कहा कि भाजपा नेताओं को फ्लाईओवर की ऊंचाई से नीचे भी देखना चाहिए — वहां खड़ा है स्वास्थ्य विभाग। हम मुस्तैद हैं, क्योंकि हमें पता है कि उनकी तेज रफ्तार बाइक पर हेलमेट थोड़ा ढीला हो सकता है, लेकिन चिंता न करें — नीचे डॉ. इरफान अंसारी खड़े हैं, जनता को हर झूठ और दिखावे से सुरक्षित रखने को तैयार।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static