भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह का डांस कार्यक्रम लेट होने पर भड़के लोग, तोड़ी कुर्सियां... अभिनेत्री के साथ की बदसलूकी
Sunday, Dec 11, 2022-11:30 AM (IST)

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में खतियान जोहार यात्रा कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी की स्टार कलाकार अक्षरा सिंह के साथ लोगों द्वारा बदसलूकी की गई। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर कुर्सियां भी तोड़ी। इस दौरान इतना हंगामा हुआ कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कई लोगों को चोटें आने की खबर है।
अक्षरा सिंह के देर से पहुंचने पर हंगामा
दरअसल, सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कार्यक्रम का आयोजन किया था, जिसमें अक्षरा सिंह को शामिल होना था। यह कार्यक्रम सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस गठबंधन की खतियानी जौहर यात्रा का एक हिस्सा था, जिसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीते 8 दिसंबर को शुरू किया था। कार्यक्रम में अक्षरा सिंह देर से पहुंची थीं, जिस वजह से उनका कार्यक्रम सीएम के सामने नहीं कराया जा सका। सीएम हेमंत कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को संबोधित कर वहां से चले गए।
लोगों ने अक्षरा सिंह के साथ की बदसलूकी
इसके बाद अक्षरा सिंह और निशा सिंह का नृत्य-गीत कार्यक्रम शुरू होने लगा तो लोग बेकाबू हो गए और लोगों ने शोर मचाते हुए कुर्सियां तोड़ डाली और पंडाल में भी तोड़फोड़ की। हंगामा बढ़ने के बाद अभिनेत्री स्टेज से जाने लगीं। अक्षरा सिंह के स्टेज से जाने की बात पर हंगामा और भी ज्यादा बढ़ गया। लोगो ने अभिनेत्री के साथ बदसलूकी की। इसको रोकते हुए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद अक्षरा सिंह के सहयोगी ने जैसे-तैसे उन्हें बाहर निकाला।
कलाकारों के नाम पर की गई भीड़ इकट्ठी
आक्रोशित लोगों का कहना था कि अक्षरा सिंह का कार्यक्रम होने की सूचना लोगों को दी गई थी, लेकिन कलाकारों के द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत नहीं कराया गया बल्कि सरकार के कार्यक्रम संबोधन के बाद कार्यक्रम समाप्त हो गया। लोगों का कहना था कि कलाकारों का कार्यक्रम प्रस्तुत कराना ही नहीं था तो कलाकारों के नाम पर भीड़ बढ़ाने की क्या जरूरत थी।