रांची में जगन्नाथपुर रथयात्रा मेला में प्लास्टिक से बनी वस्तुओं की खरीद-बिक्री पर रोक, श्रद्धालुओं व पर्यटकों से की गई ये अपील
Saturday, Jun 28, 2025-05:57 PM (IST)

रांची: झारखंड के रांची में बीते शुक्रवार से ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा मेले की शुरुआत हुई। इस बार मेले को साफ-सुथरा और प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम शुरू की गई है। मेले में प्लास्टिक कैरी बैग और प्लास्टिक से बनी वस्तुओं की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
रांची नगर निगम की टीम पहले दिन से ही एक्शन मोड में नजर आई। दुकानों पर जांच अभियान चलाया गया और कई दुकानों से मिले प्लास्टिक बैग जब्त कर लिए गए। निगम की टीम ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भी अपील की है कि वे इस बार की रथयात्रा को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करें।
जगन्नाथपुर रथयात्रा मेला रांची का एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है। इस मेले में दूर-दूर से श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं और मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें और स्टॉल लगाए जाते हैं। मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए निगम की टीम ने विशेष अभियान शुरू किया है।प्लास्टिक कैरी बैग और प्लास्टिक से बनी वस्तुओं की खरीद-बिक्री पर रोक लगाई गई है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सहयोग की अपील की जा रही है।