रांची में कल भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी, उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

Wednesday, Jun 18, 2025-05:10 PM (IST)

Jharkhand Weather: झारखंड में बीते मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने रांची जिले के लिए 19 जून की सुबह 08:30 बजे से 20 जून की सुबह 08:30 बजे तक भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों में गंभीर मौसम स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। भारी बारिश के कारण परिवहन और बिजली आपूर्ति में बाधा आ सकती है। निचले इलाकों में जलभराव, कमजोर संरचनाओं को नुकसान और कच्ची सड़कों के टूटने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने रांची में कल रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर रेड अलर्ट देखते हुए उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजंत्री ने शहर के सभी कोटि के सरकारी/गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालयों में वर्ग- KG से वर्ग-12 तक के विद्यालय को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

मंजूनाथ भजंत्री द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिला में संचालित सभी कोटि के सरकारी/गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालयों में वर्ग-KG से वर्ग-12 तक के विद्यालय को बंद रखा जाए। आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित विद्यालय/संस्थान आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धारा के तहत उत्तरदायी होंगे। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजंत्री द्वारा जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, अवर विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रधानाध्यापक-सह- निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, सभी कोटि के विद्यालय के प्राचार्य/प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक/संबंधित शिक्षक-शिक्षिका/संबंधित विद्यालय प्रधान एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) प्रारंभिक/माध्यमिक एवं +2 उच्च विद्यालय/सचिव/प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक को आदेश पालन हेतु आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static