कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने कहा- राजनीतिक दबाव के कारण घर पर पड़ी आयकर विभाग की रेड
Monday, Nov 07, 2022-04:38 PM (IST)

रांचीः झारखंड में कई स्थानों पर लगातार 38 घंटे तक चले आई टी के रेड के बाद बेरमो विधायक जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह रविवार की शाम अपने घर से बाहर निकले और मीडिया के सामने अपनी बातों को खुलकर रखा
विधायक सिंह ने बताया कि उनके पटना स्थित आवास पर लगभग 6 से 8 घंटे तक इनकम टैक्स अधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में छापामारी चली। पटना स्थित आवास पर सिर्फ किराएदार रहते हैं उनके केयरटेकर की उपस्थिति में जो पंचनामा बनाया गया है उसमें किरायेदारों के लिए बनाई गई एक रजिस्टर और छ: सौ रुपए नगद मिले हैं। यह घर उनके पिता ने बनवाया था जिसका किराया अब अनूप सिंह की मां लेती हैं। विधायक सिंह ने बताया कि बेरमो के धोरी स्थित सीसीएल के क्वाटर्र पर भी इनकम टैक्स के अधिकारियों ने रेट डाला था। क्वार्टर में इनकम टैक्स के अधिकारियों को अनूप सिंह की मां के गहने मिले हैं जिसकी कीमत लगभग 11लाख75 हजार रुपए बताई गई है। रेड के दौरान 54 हजार रुपए नगद भी मिले हैं इनमें पांच सौ दो सौ और एक सौ के नोट शामिल है।
सिंह ने बताया कि बेरमो स्थित आवास से उनके स्वर्गवासी पिता राजेंद्र सिंह का बैंक अकाउंट मिला है। इसके साथ ही उनकी मां का दो बैंक अकाउंट और खुद अनूप सिंह का बैंक अकाउंट मिला है। विधायक ने बताया कि उनकी मां के नाम से दो अलग-अलग बैंकों में लॉकर है जिसकी चाबी बैंक अधिकारियों को सौंप दी गई है। विधायक सिंह ने बताया कि उनके रांची स्थित आवास पर भी इनकम टैक्स के अधिकारियों ने लगभग 38 घंटे तक छापामारी की लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। विधायक ने बताया कि इस दौरान बार-बार रांची के पुनदाग में बन रहे उनके आवास की जानकारी ले रहे थे। उन्होंने बताया कि पुनदाग की जमीन उनके पिता ने मां के नाम से खरीदी थी। पिता के गुजरने के बाद उन्होंने लगभग 12 लाख रुपए स्टांप ड्यूटी देकर मां की जमीन को गिफ्ट डीड के तहत अपने नाम से किया है और घर बना रहे हैं। घर जी प्लस बन रहा है। घर बनाने के लिए उन्होंने विधानसभा से लोन भी अप्लाई किया है फिलहाल उन्होंने 18 लाख रुपए अपने सैलरी से वेंडर को पेमेंट किया है।
विधायक सिंह ने कहा कि रेड के दौरान आईटी के अधिकारी भी बार-बार इस बात पर जोर दे रहे थे कि कि वे पटना के अधिकारियों के कहने पर घर में डेरा डाले हुए हैं। बोकारो के कोयला व्यवसायी अजय सिंह के संबंध में उन्होंने कहा कि लगभग एक दशक से उनका कोई रिश्ता अजय सिंह के साथ नहीं है। विधायक ने इस बात को स्वीकार किया कि एक समय में उनके पिता के साथ अजय सिंह के बेहतर रिश्ते थे। विधायक ने कहा कि अजय सिंह को वे आज भी मामा कहते हैं लेकिन वह उनका खुला विरोध करते हैं। रिश्तो के तार को जोड़ते हुए विधायक अनूप सिंह ने कहा कि अजय सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रतुल नाथ शाहदेव में भी मामा भांजे का रिश्ता है। प्रतुल नाथ शाहदेव कोयला व्यवसायी अजय सिंह को मामा कहते हैं।