कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद से जुड़े 8 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है ED, इस मामले में हुई कार्रवाई
Friday, Jul 04, 2025-04:16 PM (IST)

रांची: झारखंड में ईडी की टीम कांग्रेस की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में कुल 8 ठिकानों पर आज छापेमारी कर रही है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह ईडी की टीम रांची, हजारीबाग और बड़कागांव सहित कई जगहों की तलाशी ले रही है।
ईडी की एक टीम रांची के हरमू रोड स्थित किशोरगंज में और दूसरी टीम हजारीबाग के बड़कागांव में छापेमारी कर रही है। यह छापेमारी आरकेटीसी कोल ट्रांसपोटिर्ंग मामले को लेकर चल रही है। ईडी ने पूर्व विधायक अंबा प्रसाद और उनके पिता पूर्व मंत्री योगेंद्र साव से जुड़े मामले को लेकर उनके करीबियों के घर पर छापा मारा है। ईडी की टीम अंबा प्रसाद के निजी सहायक संजीव साव, मनोज दांगी और पंचम कुमार के ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही है।
ज्ञातव्य है कि ईडी की टीम ने इससे पहले 18 मार्च 2024 को भी पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के हजारीबाग स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी ने उनके पिता और झारखंड के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव तथा उनके सगे संबंधियों के कुल 17 ठिकानों पर छापा मारा था। इस दौरान उनके ठिकानों से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और करीब 20 लाख रुपये नकद जब्त किये गये थे। ईडी ने ये कार्रवाई हजारीबाग में लीज की बेशकीमती जमीन पर कब्जा करने के मामले में की थी। ईडी ने इससे पहले विधायक अंबा प्रसाद और पिता योगेंद्र प्रसाद के खिलाफ ईसीआईआर दर्ज किया था। ईडी ने रांची, हजारीबाग और मुंबई स्थित ठिकानों पर छापा मारा था।