Air India एक्सप्रेस ने उड़ान रद्द होने पर जताया खेद, कहा- हम अपने परिचालन में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं

Monday, Jul 21, 2025-03:51 PM (IST)

रांची: विमानन कंपनी 'एयर इंडिया एक्सप्रेस' ने बीते रविवार को रांची-दिल्ली मार्ग की एक उड़ान के तकनीकी खराबी के कारण रद्द होने पर यात्रियों को हुई असुविधा के लिए आज यानी सोमवार को खेद व्यक्त किया और कहा कि वह अपने परिचालन में सुरक्षा को प्राथमिकता देती है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने कहा, "रांची से हमारी एक उड़ान तकनीकी खराबी के कारण बोर्डिंग के तुरंत बाद रद्द कर दी गई। यात्रियों को कई विकल्प दिए गए हैं, जिनमें अगली उपलब्ध उड़ान में समायोजन के साथ होटल प्रवास, इच्छित तिथि पर निःशुल्क पुनर्निर्धारण या पूर्ण धनवापसी शामिल है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है, लेकिन हम अपने परिचालन में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं।"

बता दें कि रांची से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण बीते रविवार को रद्द कर दिया गया जिसके बाद रांची हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। विमान करीब 2 घंटे तक रनवे पर खड़ा रहा। इस वजह से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। जानकारी देर से मिलने के कारण यात्री नाराज दिखे। बाद में खराबी ठीक न होने पर फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। इस विमान में कुल 180 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। झारखंड के 4 सांसदों को भी इसी फ्लाइट से दिल्ली जाना था, जहां सोमवार से संसद का मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है। यात्रियों को उड़ान के समय के पुनर्निर्धारण को लेकर एयरलाइन के कर्मचारियों से तीखी बहस करते हुए देखा गया। हवाई अड्डे के निदेशक आर आर मौर्य ने बताया, ‘‘रांची से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दिया गया। विमान के उड़ान भरने से पहले इस तकनीकी गड़बड़ी का पता चला।'' उड़ान संख्या एआईएक्स 1200 को शाम 6 बजे उड़ान के लिये के लिए निर्धारित किया गया था। मौर्य ने कहा कि कुछ यात्रियों को अन्य उड़ानों में समायोजित किया गया, जबकि कई अन्य लोगों ने अपने टिकट रद्द कर दिए। कुछ यात्रियों को सोमवार को यात्रा करने के लिये कहा गया है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static