बिहार के बाद झारखंड में भी गिरा निर्माणाधीन पुल, मानसून की पहली बारिश सह नहीं पाया ब्रिज

6/30/2024 2:23:26 PM

गिरिडीह: बिहार में पुलों के लगातार धराशायी होने की खबर के बीच अब झारखंड में भी एक निर्माणाधीन पुल गिर गया है। मानसून की पहली बारिश की वजह से अरगा नदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी में तेज बहाव की वजह से निर्माणाधीन पुल टूट कर गिर गया।

मामला जिले के देवरी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि यहां बीते शनिवार की शाम से जोरदार बारिश हो रही थी, जिसके बाद फतेहपुर भेलवाघाटी सड़क के डुमरीटोला व कारीपहरी गांव के बीच बना अरगा नदी का जलस्तर बढ़ गया और निर्माणधीन पुल टूट कर गिर गया। आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि पूल टूटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों में रहने वाले लोग डर गए। बताया जा रहा है कि पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल गिरिडीह के द्वारा इस पुल का निर्माण साढ़े 5 करोड़ की लागत से हो रही थी। वहीं, इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि भ्रष्टाचार के कारण यह घटना घटी है। इस घटना के पीछे जितने संवेदक जिम्मेदार हैं उतनी ही जवाबदेही पथ निर्माण विभाग की भी है। पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों की सीधी लापरवाही के कारण यह घटना घटी है।

गौरतलब है कि कुछ साल पहले इसी तरह रांची के बुंडू ब्लॉक में स्थित कांची नदी पर बना पुल ढह गया था जिससे दर्जनों गांव का संपर्क टूट गया था। इस पुल का निर्माण भी लगभग 10 करोड़ की लागत से हुआ था। मामला जब तुल पकड़ा तो सरकार ने जिम्मेवार इंजीनियरों पर कार्रवाई करने की बात कही थी। उच्चस्तरीय जांच कमेटी ने पाया था कि पुल के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ था। इस पुल का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत हुई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static