अंधविश्वास की बलि चढ़े महिला और नवजात, इलाज के दौरान तोड़ा दम; पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
Thursday, Feb 19, 2026-02:21 PM (IST)
Jharkhand News: पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के नाम पर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डायन बताकर एक ही परिवार के तीन लोगों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। इस दर्दनाक घटना में महिला और उसके दो माह के मासूम बच्चे की जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद जान बचाने में सफल रहा।
अंधविश्वास में जिंदा जलाया, मां-बेटे की मौत
घटना कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के कलाईया गांव की है। जीवित बचे 40 वर्षीय कोल्हान सिंकु ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे वह अपनी दूसरी पत्नी 32 वर्षीय ज्योति सिंकु, दो साल के बेटे और दो माह के नवजात के साथ घर में सो रहे थे। तभी गांव के ही रिश्तेदार राशिका बिरुवा ने बाहर से आवाज लगाई। आवाज सुनकर कोल्हान अपनी पत्नी ज्योति के साथ बाहर आए। उसी समय उनकी पहली पत्नी जानी सिंकु भी बाहर आ गईं। आंगन में पहुंचते ही उन्होंने देखा कि वहां करीब एक दर्जन लोग जमा थे। भीड़ ने ज्योति सिंकु पर डायन होने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कोल्हान ने लोगों को समझाने की कोशिश की और कहा कि सुबह पंचायत में बैठकर बात कर ली जाएगी, लेकिन भीड़ ने उनकी एक नहीं सुनी।
पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग
इसी दौरान किसी ने पेट्रोल से भरा गैलन निकाला और परिवार पर उड़ेल दिया। इसके बाद माचिस जलाकर आग लगा दी गई। आग लगते ही चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों में घिरने के बाद भी कोल्हान किसी तरह भागने में सफल रहे। उन्होंने रास्ते में अपने जलते कपड़े उतारे और कुमारडुंगी थाना पहुंचकर मदद की कोशिश की, लेकिन रात में थाना बंद मिला। इसके बाद वे एक रिश्तेदार के घर चले गए और सुबह दोबारा थाना पहुंचे। करीब दो घंटे इंतजार के बाद थाना खुला, जहां उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और गांव पहुंचकर महिला व नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस वारदात में करीब दस लोग शामिल थे और सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। अंधविश्वास के नाम पर हुई इस दोहरी हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

