शिवरात्रि पर बाबा बैद्यनाथ में पूजा करने जा रहे परिवार पर टूटा रफ्तार का कहर, भोलेनाथ के दर्शन करने से पहले ही तोड़ा दम
Sunday, Feb 15, 2026-05:38 PM (IST)
Jharkhand News: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूजा करने देवघर जा रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब उनकी कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
महाशिवरात्रि के दिन बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने जा रहे एक परिवार पर रफ्तार का कहर टूट पड़ा। चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के बसबूटिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में 70 वर्षीय कृष्णनंदन सिंह और उनकी 48 वर्षीय पुत्रवधू रिंकू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार 10 वर्षीय बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई
जानकारी के अनुसार, बिहार के जहानाबाद जिले के सिकंदरा प्रखंड के धधोर गांव से एक ही परिवार के छह लोग कार से देवघर के लिए निकले थे। बसबूटिया मोड़ के पास वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। घायलों में ललन कुमार सिंह, प्रिया भारती, खुशबू भारती और 10 वर्षीय गणेश शामिल हैं। सभी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चालक को झपकी आने के कारण हुआ हादसा
सूचना मिलते ही चंद्रमंडी थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। चालक भी घायल है और पुलिस उसके होश में आने का इंतजार कर रही है। कार को जब्त कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

