खाना बनाते समय फटा प्रेशर कुकर, घर में 2 महिलाएं समेत छह महीने का बच्चा था मौजूद

Sunday, Feb 15, 2026-03:24 PM (IST)

Jamshedpur News: गम्हरिया प्रखंड के छोटा गम्हरिया इलाके में शनिवार को खाना बनाते समय प्रेशर कुकर फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दो महिलाएं और छह महीने का एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना तेज था कि घर का छप्पर तक क्षतिग्रस्त हो गया।

खाना बनाते समय फटा कुकर, तीन घायल
छोटा गम्हरिया में अर्जुन मंडल के घर शनिवार दोपहर खाना बनाया जा रहा था। घर में पार्वती मंडल और उनकी पुत्रवधू भवानी मंडल रसोई में काम कर रही थीं। वहीं पास में छह महीने का मासूम आयन मंडल भी मौजूद था। इसी दौरान अचानक प्रेशर कुकर में दबाव बढ़ गया और वह जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि कुकर के टुकड़े पूरे कमरे में फैल गए। लोहे के तेज टुकड़े लगने से दोनों महिलाएं और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत अर्जुन मंडल के घर की ओर दौड़े। कमरे से धुआं और चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए तीनों घायलों को बाहर निकाला और तुरंत गम्हरिया अस्पताल पहुंचाया।

कुकर का समय-समय पर जांच और सही उपयोग बेहद जरूरी
ग्रामीणों के मुताबिक, धमाका इतना जबरदस्त था कि कुकर के हिस्से छर्रों की तरह बिखर गए और घर का छप्पर भी टूट गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से तीनों की हालत अब खतरे से बाहर है। हालांकि, इस घटना से परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर कुकर का कोई बड़ा टुकड़ा सीधे बच्चे को लगता, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। घटना की सूचना पुलिस और स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, प्रेशर कुकर का सेफ्टी वाल्व जाम होने या खराब गुणवत्ता के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए कुकर का समय-समय पर जांच और सही उपयोग बेहद जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static