असम में भी शुरु होगी मंईयां सम्मान योजना; JMM जीता तो महिलाओं को मिलेंगे 2500 रुपए; कल्पना सोरेन ने किया ऐलान
Tuesday, Apr 07, 2026-10:20 AM (IST)
Assam Assembly Election: असम विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार तेज हो गया है। इस बीच गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने कई जनसभाओं को संबोधित कर पार्टी के पक्ष में समर्थन मांगा और लोगों से बड़े वादे किए।
JMM जीता तो महिलाओं को मिलेंगे 2500 रुपए
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने सोमवार को असम में कई जनसभाएं कीं और जोरदार चुनाव प्रचार किया। उन्होंने चाय बागान में काम करने वाले मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अगर झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार बनती है, तो चाय बागान के मजदूरों को 500 रुपये न्यूनतम मजदूरी दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये सम्मान राशि देने का भी वादा किया गया।
"हर परिवार को घर मिलेगा, बच्चों को अच्छी शिक्षा दी जाएगी"
कल्पना सोरेन ने यह भी कहा कि हर परिवार को घर मिलेगा, बच्चों को अच्छी शिक्षा दी जाएगी और युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। मजबत विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करते हुए उन्होंने लोगों से समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ किसी एक उम्मीदवार की जीत या हार का नहीं है, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान और बेहतर भविष्य की लड़ाई है।

