व्यक्ति ने नशे की हालत में अपने पिता सहित 3 लोगों की हत्या की, 2 अन्य को धारदार हथियार से किया जख्मी

4/23/2024 4:06:24 PM

 

लातेहारः झारखंड के लातेहार जिले में 35 वर्षीय एक व्यक्ति ने नशे की हालत में कथित तौर पर अपने 65 वर्षीय पिता सहित तीन लोगों की हत्या कर दी और दो अन्य को धारदार कुल्हाड़ी से जख्मी कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंजनी अंजन ने कहा कि आरोपी की पहचान रंजन उरांव के रूप में हुई है, जिसे लातेहार स्थित उसके गांव में छापेमारी के बाद सोमवार को गिरफ्तार किया गया। घटना रविवार रात झारखंड की राजधानी रांची से करीब 170 किलोमीटर दूर डाबरी गांव में हुई। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त आरोपी नशे की हालत में घर लौटा था। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि उसके नशे की हालत में लौटने पर उनके घर में विवाद हुआ था। उरांव ने अपने पिता सूरज उरांव की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और फिर अपनी रिश्तेदार अनुपमा देवी (35) और मंसुरिया देवी (32) को भी मार डाला। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसने अपने चचेरे भाई अमलेश उरांव और उनकी पत्नी हीरामनी देवी को भी जख्मी कर दिया, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

पुलिस ने बताया, "वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रविवार रात जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों से घटना की सूचना मिलते ही गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सोमवार की सुबह पुलिस फिर से गांव पहुंची और ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static