"लोकतंत्र पूरी तरह से लहू-लुहान हो चुका", कुशवाहा बोले- लोकसभा चुनाव में BJP का कर देंगे सफाया

Thursday, Jul 20, 2023-10:54 AM (IST)

गया: बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पूरी तरह से सफाया कर देगी। 

"संवैधानिक संस्थाओं का हो रहा दुरुपयोग"
उमेश कुशवाहा ने बुधवार को जदयू द्वारा आयोजित प्रमंडलीय समीक्षा बैठक में कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र पूरी तरह से लहू-लुहान हो चुकी है। संविधान के संघीय ढांचे को नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। इस परिस्थिति में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा भगाओ, देश बचाओ का जो नारा दिया है, जिसमें सभी लोग एक मिशन के तहत लग चुके हैं। 

"2024 में BJP का पूरी तरह से सफाया कर देंगे"
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इसी को लेकर प्रत्येक प्रमंडल में पार्टी की बैठकें की जा रही है, ताकि प्रखंड स्तर के कार्यकर्ताओं को मजबूत किया जा सके। साथ ही भाजपा के द्वारा जो देश को तोड़ने का कार्य किया जा रहा है, उससे लोगों को रूबरू करा सकें। पार्टी ने यह संकल्प लिया है कि वर्ष 2024 में भाजपा का पूरी तरह से सफाया कर देंगे। इसे लेकर कार्यकर्ता पूरी तरह से लगे हुए हैं। इस बैठक का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वर्तमान स्थिति से रूबरू कराते हुए उन्हें चुनाव के लिए तैयार कराना है।

इस मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष अभय कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष राजू बरनवाल, मुख्यालय प्रभारी चंदन कुमार सिंह, जदयू प्रदेश सचिव चंदन कुमार यादव, पूर्व विधायक श्यामदेव पासवान, पूर्व मंत्री विनोद यादव, वरिष्ठ नेता अरविंद कुमार सिंह, अवध बिहारी पटेल, अजीत कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static