BJP नेता हत्याकांड की विजय सिन्हा ने की कड़ी निंदा, कहा- महागठबंधन सरकार में अपराधियों का मनोबल चरम पर
Monday, Aug 29, 2022-12:58 PM (IST)

समस्तीपुरः बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने समस्तीपुर जिले के सिरोपट्टी मे भाजपा नेता रघुवी स्वर्णकार हत्याकांड की निंदा करते हुए कहा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व मे महागठबंधन की नई सरकार बनते ही अपराधियों और भ्रटाचारियों का मनोबल चरम पर पहुंच गया है।

विजय कुमार सिन्हा ने समस्तीपुर जिले के सिरोपट्टी में भाजपा नेता रघुवीर के परिजनों से मिलने के बाद रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि महागठबंधन के जंगलराज का खात्मा करके ही भाजपा चैन से बैठेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता की हुई हत्या तुष्टिकरण का ही परिणाम है। प्रतिपक्ष के नेता ने कहा कि बिहार से जंगलराज एवं गुंडाराज को समाप्त किया जाएगा। इसके लिए समस्तीपुर की धरती से महागठबंधन सरकार के खिलाफ संघर्ष करने की घोषणा की।

इस मौके पर भाजपा विधायक संजय सरावगी, बीरेंद्र पासवान, पूर्व मंत्री रामसूरत राय, भाजपा विधान पार्षद तरूण कुमार, भाजपा राष्ट्रीय परिषद् सदस्य रामसुमरन सिंह, भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शशिकांत आनंद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा समेत अन्य नेता उपस्थित थे।