Purnia Janata Darbar: “भ्रष्टाचारियों का पीछा श्मशान तक करूंगा” — पूर्णिया में जनता दरबार के दौरान गरजे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा

Saturday, Dec 27, 2025-07:14 AM (IST)

Purnia Janata Darbar: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पूर्णिया में आयोजित जनता दरबार में अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। भ्रष्टाचार और पुलिस की उदासीनता से जुड़ी शिकायतें सुनते ही उनका गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा और जनता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भ्रष्टाचारियों को श्मशान तक पीछा करने की चेतावनी

उपमुख्यमंत्री ने जिले के बड़े अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि यदि कोई भ्रष्टाचार करेगा, तो उसका पीछा श्मशान तक किया जाएगा। उन्होंने कहा, "जनता को तमाशा नहीं बनने दिया जाएगा।" थानेदारों और अधिकारियों को संदेश देते हुए बोले कि निर्दोष नागरिकों को परेशान करने पर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। चाहे तबादला हो या रिटायरमेंट, अन्याय करने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा। उनकी इन बातों से पंडाल में खामोशी छा गई।

विधवा महिला की फरियाद पर तुरंत एक्शन

जनता दरबार का सबसे मार्मिक पल तब आया जब एक विधवा मुस्लिम महिला बीबी नासरीन बानो अपने छोटे बच्चों के साथ पहुंचीं। रोते-बिलखते उन्होंने बताया कि पति की मौत के बाद दबंगों ने फर्जी कागजात बनाकर उनकी जमीन हड़प ली और विरोध करने पर उनके खिलाफ ही एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज करा दिया। डिप्टी सीएम ने फौरन जिलाधिकारी और एसपी को निर्देश दिए कि महिला को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा, "अगर काम नहीं हुआ तो मुझे डायरेक्ट फोन करें।"

बुजुर्ग महिला और पुश्तैनी जमीन के मामले में सख्त निर्देश

एक बुजुर्ग महिला ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। जांच अधिकारी की लेटलतीफी पर नाराज होते हुए सिन्हा ने कहा कि अधिकारी जनता की सेवा के लिए हैं, परेशान करने के लिए नहीं। उन्होंने अंचल अधिकारी को एक हफ्ते में मामला सुलझाने और एसपी को जमीन का कब्जा दिलाने के आदेश दिए।

एक अन्य मामले में पीड़ित ने बताया कि पुलिस उनकी 35 साल पुरानी पुश्तैनी जमीन पर मकान बनाने से रोक रही है और जेल की धमकी दे रही है। इस तनाव में उनके पिता की जान तक चली गई। डिप्टी सीएम ने ऐसे मामलों में पुलिस की लापरवाही पर कड़ा ऐतराज जताया।

बिहार में जनता दरबार के जरिए सीधी शिकायतें सुनकर त्वरित कार्रवाई का यह उदाहरण लोगों में उम्मीद जगाता है। उपमुख्यमंत्री का सख्त तेवर भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static