"UCC संविधान और देश के लिए हितकारी"...विजय सिन्हा ने कहा- तुष्टिकरण की राजनीति को जनता ने नकार दिया

Sunday, Jul 16, 2023-05:36 PM (IST)

पटनाः बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में समान नागरिक संहिता नहीं लागू करने के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि देश अब तुष्टिकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण से चलेगा।

विजय सिन्हा ने कहा कि वर्तमान सरकार अब कुछ दिनों की मेहमान है। ये हमेशा वोट के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करते आ रहे हैं। राज्य की जनता सरकार के इस खेल को अच्छी तरह से समझ चुकी है। अल्पसंख्यकों को भारतीय जनता पार्टी का भय दिखाकर वोट लेना इनका पेशा बन गया है। लेकिन अल्पसंख्यक समुदाय यह भली भांति समझ रहा है कि 'सबका साथ सबका विकास' सिद्धान्तों पर चलने वाली नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा यूसीसी लागू करने पर सबसे ज्यादा फायदा उन्हें ही होने वाला है। 

"राज्य सरकार के लिए अब जनता प्राथमिकता में नहीं"
सिन्हा ने आगे कहा कि अरब और अन्य देशों में राष्ट्रहित में पहले से ही यूसीसी लागू है। वहीं भारत में भी इसे लागू करने की आवश्यकता है। 'एक देश एक कानून' होने पर देश में कल्याणकारी योजनाओं का आच्छादन सभी नागरिकों के लिए समान रूप से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के लिए अब जनता प्राथमिकता में नहीं है। यहां अपराध, भ्रष्टाचार, हत्या और डकैती पर रोक लगाने में पुलिस विफल हो गई है। इनके पास अब प्रगतिशील मुद्दे गौण हो गए है। आने वाले चुनाव में राज्य की जनता इनको अच्छी तरह सबक सिखाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static